मराठा सरदार तान्हाजी मालुसरे के जीवन पर बनी फिल्म 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' को देखने के लिए सीएम उद्धव ठाकरे मंगलवार शाम 6 बजे मुंबई के प्लाजा सिनेमा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ शिवसेना के पार्षद और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी भी मौजूद थे।
इस फिल्म में अभिनेता अजय देवगन, काजोल और सैफ अली खान मुख्य भूमिका में हैं। 17वीं शताब्दी में तान्हाजी मराठा साम्राज्य के वीर सेनापति थे। वे छत्रपति शिवाजी महाराज के करीबी माने जाते थे। तान्हाजी को 1670 में हुए सिंहगढ़ के युद्ध के लिए जाना जाता है। मुगलों से युद्ध कर तान्हाजी के नेतृत्व में मराठा सेना ने सिंहगढ़ किले पर कब्जा कर लिया था। छत्रपति शिवाजी के लिए उन्होंने यह किला जीता था। 'तानाजी' फिल्म में उसी युद्ध में तानाजी की वीरता और युद्ध कौशल को दिखाया गया है।